पुवायां। शादी के लिए युवती के प्रेमी के घर पहुंचने के बाद गांव में मामला तूल पकड़ गया था, लेकिन पुलिस फिर भी लापरवाही बरतती रही। युवती को 24 घंटे बाद थाने लाया गया है। युवती के पिता की तहरीर पर प्रेमी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
क्षेत्र के एक गांव की युवती का गांव के ही सजातीय युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 21 मार्च की शाम युवती प्रेमी के घर पहुंच गई और शादी की जिद करने लगी। जानकारी पाकर युवती के परिजन ने प्रेमी के घर का घेराव भी किया था, लेकिन ग्रामीणों के एकत्र होने पर वापस लौट गए थे। युवक के पिता की सूचना के बाद भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की जरूरत नहीं समझी।
युवती प्रेमी के घर ही रही। उसने बिना शादी के कहीं भी जाने से इन्कार कर दिया। शुक्रवार सुबह प्रेमी युवक को थाने लाया गया। इसके बाद शाम को युवती को भी प्रेमी के घर से थाने लाया गया। युवती के पिता ने राजेश, राजेश के पिता कामता प्रसाद और एक अज्ञात पर पुत्री को अगवा करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि लड़की अपने साथ जेवर और 20 हजार रुपये भी ले गई है।
मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। युवती को 24 घंटे बाद थाने लाने की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंकज पंत, सीओ पुवायां