शाहजहांपुर। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा ने जनता के सामने अपनी पांच साल की उपलब्धियों का प्रदर्शन शुरू कर दिया है। नवंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन की तैयारी भाजपा पदाधिकारियों के साथ ही प्रशासन कर रहा है। नरेंद्र मोदी के जहां गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने की उम्मीद है, वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कैंट में शहीद संग्रहालय का लोकार्पण कर सकते हैं।
विधानसभा चुनाव के करीब आते ही भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को मुकम्मल करना शुरू कर दिया है। जिले में हुए विकास कार्यों को जनता तक ले जाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर पार्टी के दिग्गज नेता लगातार जिले का भ्रमण कर बड़े प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। गंगा एक्सप्रेस वे से जिले में लगभग 41 किलोमीटर से होकर गुजरेगा। इसमें जलालाबाद, सदर और तिलहर तहसील के पांच हजार किसानों को लाभ पहुंचेगा।
किसानों से भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब निर्माण शुरू होने वाला है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बन रहा है। नरेंद्र मोदी कटरा और जलालाबाद के बीच में किसी स्थान पर गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास कर सकते हैं। इस लिहाज से डेढ़ से दो लाख लोगों की क्षमता वाले स्थान की तलाश प्रशासन कर रहा है।
नौ नवंबर को शाहजहांपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग पांच सौ करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर गए थे। वहीं दिसंबर में ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का दौरे का कार्यक्रम भी लगभग फाइनल हो चुका है। वह कैंट क्षेत्र में निर्मित शहीद संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन का अभी अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। पार्टी पदाधिकारी जनसभा के मद्देनजर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।