नाला निर्माण में देरी से मक्कू बजरिया के लोग परेशान
हद्दफ चौकी से ककरा कलां जाने वाले रोड पर मक्कू बजरिया में बनी पुलिया को नाला निर्माण के लिए ढाई महीना पहले तोड़ दिया गया था। इतना समय बीत जाने के बाद न तो पुलिया का निर्माण हुआ और न ही नाले का निमार्ण हो पाया। बुधवार को हुई बारिश मोहल्ले वालों पर कहर बनकर आई। मोहल्ले के अधिकतर घरों में पानी भर गया। बारिश के दौरान कई लोगोें सड़क पर खुदी नाली में डूबने से बचे। बारिश के बाद नाला निर्माण रुक गया। अब बारिश शुरू होने वजह से मोहल्ले वालों को जल्द निजात मिलना मुश्किल है।
ढाई महीना पहले मक्कू बजरिया में बनी पुलिया को नाला निर्माण के लिए तोड़ा गया था। ठेकेदार और नगर पालिका के इंजीनियर का कहना था कि पुलिया को चौड़ा करके बनाया जाएगा। पुलिया तोड़ने के लिए नाले पर बंधा लगाया गया। नाले का पानी सड़क पर नाली खोदकर आगे निकाला गया। नगर पालिका के इंजीनियर और ठेकेदार लापरवाही की वजह से कई बार बंधा टूटा। जिससे पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया। एक सप्ताह पहले नगर पालिका के इंजीनियर ने ठेकेदार से कहा कि नाला निर्माण होने के बाद ही पुलिया का निर्माण हो पाएगा। चार दिन पहले नाले की दीवार का निर्माण शुरू हुआ। मोहल्ले वालों का आरोप है कि नाले का निर्माण सही नाप करके नहीं कराया जा रहा है। नाले की दीवार सड़क की तरफ बढ़ाई जा रही है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। मुख्य मार्ग की चौड़ाई कम होने से मोहल्ले वालों को आगे परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसी को लेकर मोहल्ले वालों ने विरोध शुरू कर दिया। ढाई महीना से रास्ता मुख्य रास्ता बंद होने से मोहल्लेवासियों को काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं। लोगों के घर के आगे नाली खोद दी गई। जिससे लोगों का घर से निकलना दूभर है। इस नाली में कई बार बच्चे गिर गए। जिससे उनकी जान जाते-जाते बची। फिलहाल बुधवार को हुई बारिश ने मोहल्ले वालों के सामने और परेशानी खड़ी हो गई है। नाले पर बंधा लगा होने की वजह से लोगों के घरों में पानी घुस गया। जिनके घर नाले के पास बने हैं, उनका निकालने के लिए कोई रास्ता नहीं बचा है। नगर पालिका के खिलाफ लोगों का आक्रोश साफ दिखाई दिया। उनका गुस्सा कभी भी फूट सकता है।
इंजीनियर और ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि जलभराव की समस्या को दूर किया जाए। बंधा काटकर पानी निकलवाया जा रहा है। पुलिया के शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।
- तनवीर खां, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद