शाहजहांपुर। होली का त्योहार मनाने के लिए लोग अपने घरों को जाने लगे हैं। इसके चलते ट्रेनों और बसों में भीड़ बढ़ गई है। 17 मार्च को बड़ी संख्या में लोग जाएंगे, जिसको लेकर रोडवेज ने तैयारी कर रखी हैं। ट्रेनों की संख्या और अतिरिक्त कोच बढ़ाए हैं।
बुधवार को दिल्ली की ओर से आनी वाली अधिकांश ट्रेनों व बसों में सीट खाली नहीं थीं। तमाम यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। रोडवेज के एआरएम एसके वर्मा बताया कि सामान्य दिनों में 18 से 20 हजार यात्रियों का आंकड़ा बुधवार को 30 हजार पार कर गया। रोडवेज ने यात्रियों को 24 घंटे सुविधा देने के लिए बस स्टैंड पर बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की है। कई बसों के फेरे बढ़ाए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को यात्रियों की संख्या और अधिक होने का संभावना जताई है। लोकल रूट पर 44 और लंबे रूट के लिए 55 बसों का इंतजाम लगाया गया है। साथ ही अनुबंधित बसें भी लगातार चलेंगी।
ट्रेनों से जंक्शन पर आने जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ गई। रेल बोर्ड ने कई ट्रेनों में जनरल कोच में यात्रा की अनुमति दी है। बुधवार को बरेली-बनारस एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, गुवाहटी एक्सप्रेस में सबसे अधिक भीड़ रही।
सीएमआई मनोज सिंह ने बताया कि रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है, जिनमें जनरल कोच में अनारक्षित यात्रा करने की सुविधा भी दी जा रही। इसके साथ ही कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं।
अतिरिक्त कोच के बाद भी सीट मिलना मुश्किल
नियमित चलने वाली ट्रेनों में सीट न होने पर लंबी वेटिंग लिस्ट को देखकर रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों चलाने के साथ ही कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं। स्पेशल ट्रेनों में सीट फुल हो गई हैं, तो अतिरिक्त कोच में भी कम पड़ रहे हैं। आनंद विहार-जोगबनी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस, अमृतसर बाराबंकी एक्सप्रेस, में लंबी वेटिंग चल रही है।