ऑनलाइन दीक्षारंभ कार्यक्रम में इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक ने रखे विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के ऑनलाइन दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एसएस कॉलेज तथा बरेली कॉलेज बरेली स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र में जुलाई-2024 सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. मनोरमा सिंह ने कहा कि इग्नू गुणवत्तायुक्त उच्च शिक्षा को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। देश-विदेश के तमाम विद्यार्थी इग्नू के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपने ज्ञान एवं कौशल में अपेक्षित वृद्धि कर रहे हैं।
एडिशनल डायरेक्टर डाॅ. अनिल कुमार मिश्र ने इग्नू की नवीन वेबसाइट से विद्यार्थियों को परिचित कराया। डाॅ. कीर्ति विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को ई-ज्ञानकोश वेबसाइट के माध्यम से इग्नू की अध्ययन सामग्री तथा सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उपनिदेशक डाॅ. रीना कुमारी ने ऑनलाइन काउंसलिंग के बारे में जानकारी दी।
एसएस कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डाॅ. प्रभात शुक्ल ने कहा कि सच्ची शिक्षा विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे प्राप्त करने में सहायक होती है। उन्होंने अध्ययन केंद्र पर संचालित कार्यक्रमों तथा विद्यार्थी सहायता सेवाओं की जानकारी दी।