तिलहर। 20 अप्रैल को लॉकडाउन में छूट के मद्देनजर दुकानें खुलने की आशंका से तमाम व्यापारी और खरीदार बाजार में पहुंच गए। भीड़ की सूचना पर तत्काल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और भीड़ को तितर-बितर किया। उधर, सोमवार को कुछ सरकारी दफ्तर खुले लेकिन अधिकतर कर्मचारी नदारद रहे।
प्रधानमंत्री के 20 अप्रैल से रियायत की घोषणा को लेकर तमाम व्यापारी और क्षेत्र के लोग बाजार खुलने की उम्मीद में सोमवार को सुबह नौ बजे से ही बाजार में पहुंचने लगे, जिससे वहां भीड़ हो गई। सूचना पर एसआई कुलदीप मिश्रा, विकास कुमार, रूपेंद्र चौधरी पुलिस टीम के साथ चौराहा बिरयागंज चौराहे पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर वापस घर भेजा बताया कि बाजार खुलने की अभी कोई घोषणा नहीं हुई है। इस दौरान पुलिस ने बिरियागंज चौराहे पर बिना मास्क लगाए और अनावश्यक बाजार में घूम रहे लोगों को रोककर उन्हें लॉकडाउन का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस ने इस मौके पर कई वाहनों के चालान भी काटे।