शाहजहांपुर। पीसीएस परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। 22 दिसंबर को होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए डीएम ने रेस्टोरेंट, होटल व धर्मशाला संचालकों को खाने-पीने व रहने की दरें चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि रविवार को पीसीएस परीक्षा के लिए जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दो पालियों में 6816 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली का समय सुबह साढ़े नौ से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक रहेगा। द्वितीय पाली अपराह्न ढाई से शाम साढ़े चार बजे तक होगी। परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों का 21 दिसंबर को ही आना प्रारंभ हो जाएगा। इसको ध्यान में रखकर सभी रेस्टोरेंट, होटल, धर्मशाला आदि स्थानों पर खाने-पीने व रहने की दरें चस्पा होनी चाहिए।
निर्धारित दरों से अधिक लेने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रेलवे स्टेशन व बस अड्डा समेत अन्य आवश्यक स्थानों पर रैन बसेरा, उनमें रजाई, गद्दे व अलाव आदि की व्यवस्था करने, उनके निरीक्षण को अधिकारियों की रात्रि में ड्यूटी लगाने तथा सुबह छह बजे से ई-बसों का संचालन शुरू किए जाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में एसपी राजेश एस., सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरके गौतम आदि मौजूद रहे।
डेढ़ घंटा पहले शुरू हो जाएगा परीक्षा केंद्रों में प्रवेश
परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश पाली के शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले ही शुरू हो जाएगा। प्रथम पाली में सुबह आठ से 8ः45 बजे और द्वितीय पाली के लिए अपराह्न एक से 1ः45 बजे के बीच प्रवेश अनुमन्य होगा। इसके बाद प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों द्वारा ओएमआर शीट पर केवल काले बॉल प्वाइंट पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा किसी अन्य कलर की कोई अन्य पेन वर्जित रहेगी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थी अपने साथ प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर की तीसरी नीली प्रति अपने साथ ले जा सकेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगी रोक
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की अवधि में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर या कोई अन्य डिवाइस पूरी तरह से निषद्ध रहेगी। परीक्षा के दौरान किसी अभ्यर्थी के पास कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पाए जाने पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों से जब तक न कहा जाए, तब तक वह परीक्षा-कक्ष से बाहर नहीं जाएंगे।
दो ई-बसों का होगा संचालन
डीएम के निर्देश पर पीसीएस परीक्षा के परीक्षार्थियों के लिए दो ई-बसों को चलाया जाएगा। ये ई-बसें रेलवे स्टेशन से बस अड्डा होते हुए तिलहर बस स्टेशन तक सुबह 6:00 बजे रवाना होंगी। इसका रेलवे स्टेशन से तिलहर तक का किराया 60 रुपये नियत किया गया है।