शाहजहांपुर। संचारी रोग से नियंत्रण के लिए एक जुलाई से अभियान शुरू होगा। इस बीच 10 जुलाई से दस्तक अभियान चलाकर खांसी, जुकाम, बुखार, टीबी के रोगियों को तलाश कर सूचीबद्ध किया जाएगा। अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर डायरिया के रोगियों की भी तलाश करेंगी। उन्हें ओआरएस व जिंक की गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
गर्मी और बारिश के मौसम में बैक्टीरिया व अन्य संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चे उल्टी-दस्त से पीड़ित होने लगते हैं। बच्चों के लिए यह बीमारी जानलेवा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग संचारी माह में डायरिया रोको अभियान शुरू करेगा। विभाग ने उपचार के साथ बचाव पर जोर दिया है। अभियान के तहत आशा घर-घर दस्तक देंगी। लोगों को डायरिया के प्रति जागरूक करेंगी। जिंक की गोलियां व ओआरएस के पैकेट देंगी। घर की महिलाओं को बच्चों को डायरिया से बचाव के तरीके बताए जाएंगे।
संचारी अभियान एवं स्टॉप डायरिया कार्यक्रम साथ-साथ चलेंगे। इसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर डायरिया रोगियों को खोजकर उनको ओआरएस और जिंक की गोलियां वितरित करेंगी। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। - डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, सीएमओ