शाहजहांपुर/जलालाबाद। जलालाबाद क्षेत्र में रामगंगा के कोलाघाट पर पक्के पुल का पिलर धंसने से उधर से आवागमन की मुश्किल हुई राह शुक्रवार दोपहर सेे आसान हो गई। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने वहां तैयार कराया अस्थायी पैंटून पुल पैदल यातायात के लिए शुक्रवार सुबह से खोल दिया।
दोपहर बाद से कुछ हल्के वाहन भी निकले, लेकिन इससे रेलिंग निर्माण कार्य में बाधा पड़ती देख लोनिवि अभियंताओं ने पुल पर वाहनों का आवागमन रोका तो इसकी जानकारी पाकर प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद अपने तमाम समर्थकों के साथ कोलाघाट जा पहुंचे और अभियंताओं को पुल का निर्माण कार्य अति शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
कोलाघाट का पक्का पुल टूटने के कारण गत 29 नवंबर से जिला मुख्यालय का कलान, मिर्जापुर क्षेत्र से सीधा संपर्क कटा हुआ है। इस बीच, प्रधानमंत्री की जनसभा का कार्यक्रम तय हुआ तो कटरी क्षेत्र के करीब 200 गांवों समेत बदायूं की ओर से आने वालों की दिक्कत का ध्यान रखते हुए डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने लोनिवि के अभियंताओं को वहां प्रधानमंत्री की जनसभा से पहले पैंटून पुल तैयार कराने के निर्देश दिए। लोनिवि (निर्माण खंड-1) के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी ने 24 पैंटून मंगाने का इस्टीमेट बनाया, लेकिन काम जल्दी पूरा कराने के लिए उन्होंने नदी के दोनों किनारो के उथले हिस्सों में बालू की बोरियों का भराव कराया ताकि पुल की चौड़ाई कम कर उसे शीघ्र बनाया जा सके।
यह तकनीकी युक्ति काम कर गई। दो दिन पहले सभी पैंटून नदी में उतारकर एक-दूसरे से जोड़ दिए गए। इसी के साथ उन पर पटले बिछाने और उन्हें लोहे के एंगल से कसने का काम शुरू करा दिया। यह कार्य भी बीती देर रात तक पूरा कर आज सुबह से पैदल यातायात शुरू करा दिया गया, लेकिन बाद में वाहन निकलने शुरू हुए तो पुल के दोनों किनारों पर रेलिंग बनाने के काम में बाधा पड़ने लगी। कर्मचारियों ने वाहनों को पैंटून पुल पर गुजरने से रोका तो क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं से इसकी जानकारी पाकर मंत्री जितिन प्रसाद चिंतित हो उठे क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री की सभा में बदायूं का प्रभार दिया गया है।
उन्होंने वहां मौजूद लोनिवि के अभियंताओं को पैंटून पुल वाहनों के लिए जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए। भाजपा के जिलाध्यक्ष हरी प्रकाश वर्मा, भाजपा नेता कौशल मिश्रा, मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र, विश्वदीप अवस्थी, प्रशांत कठेरिया, आलोक प्रताप सिंह भोला, गोपाल द्विवेदी, रामू अग्निहोत्री, विनय शर्मा, आनंद देव, मुकेश दीक्षित, राकेश सिंह आदि उनके साथ रहे। एक्सईएन चौधरी के अनुसार पैंटून पुल तैयार हो चुका है, लेकिन रेलिंग का काम पूरा कराने के लिए शाम तक के लिए वाहनों का आवागमन रोका गया है। उन्होंने बताया कि देर रात से वाहनों का भी पुल से यातायात शुरू करा दिया जाएगा।
पूर्व की सरकारों के भ्रष्टाचार का उदाहरण है कोलाघाट पुल का टूटना : जितिन
जलालाबाद। प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि कोलाघाट पुल का टूटना पूर्व की सरकारों के भ्रष्टाचार का जीता जागता उदाहरण है। अब उन सरकारों के नुमाइंदों को यहां आकर देखना चाहिए कि उनके कारनामे का दंश क्षेत्रीय जनता झेलकर किस तरह परेशान है। पिछली सरकारों का ध्यान काम की गुणवत्ता की तरफ न रहकर धन की उगाही की तरफ ज्यादा रहता था। इसी का परिणाम है कि कुछ साल पहले बना यह पुल धराशाई हो गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार गंगा एक्सप्रेस-वे के रूप में क्षेत्रीय जनता को अनमोल सौगात देने जा रही है। संवाद