खाद्य पदार्थ में तंबाकू मिलाकर बेचने को लेकर बृहस्पतिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में आई टीम ने नगर के पान मसाला, गुटका व तंबाकू व्यापारियों के यहां छापा मारकर गगन तथा कमला पसंद पान मसालों के पाउच को सीलकर जांच के लिए ले लिए। इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे शाहजहांपुर के मुख्य खाद्य सुरक्षा आधिकारी डीसी सिंह दल-बल सहित नगर के चौराहा बिरियागंज पर आ पहुंचे। उन्होंने तीन दुकानों पर तंबाकू मिले खाद्य पदार्थों की जांच करनी शुरू कर दी। लगभग दो घंटे तक चली छापामार कार्रवाई में बिरियागंज स्थित तीन दुकानों से गगन तथा कमला पसंद ब्रांड के पान मसाले के पाउच को सील कर दिया। सिंह ने बताया कि इन पाउचों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार खाद्य पदार्थों में तंबाकू प्रतिबंधित है। इसी के तहत प्रदेश के खाद्य सुरक्षा आयुक्त प्रशासन हेमंत राव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में छापामार अभियान चलाया जा रहा है। कहा कि किसी भी खाद्य पदार्थ में तंबाकू मिलाकर बेचना अपराध है। बताया कि पान मसाले के पाउच के अलावा टाफी व च्यूगंम आदि के भी नमूने लिए जा रहे हैं। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गंगवार, महेश कुमार, रामजी शुक्ला, युगल किशोर, जयपाल सिंह सहित नगर खाद्य निरीक्षक महेश कुमार वर्मा शामिल रहे।