फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कश्मीर को छिन्न-भिन्न करना चाहता है पड़ोसी : राजनाथ

Sat, 20 Aug 2016 11:52 PM IST
ब्यूरो/शाहजहांपुर
विज्ञापन
कश्मीर को छिन्न-भिन्न करना चाहता है पड़ोसी : राजनाथ 
विज्ञापन
हाल ही में पाकिस्तान जाकर आतंकवाद के मसले पर भारत का रुख स्पष्ट कर चुके केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार दोपहर शाहजहांपुर के खिरनी बाग में भाजपा के तिरंगा यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा में उसी तेवर में दिखे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पड़ोसी की कोशिश है कि कश्मीर को छिन्न भिन्न कर दिया जाए और वहां अस्थिरता बनी रहे। सरकार कश्मीरी युवकों के हाथ में बंदूक नहीं कलम, कंप्यूटर और रडार देखना चाहती है। समस्या का समाधान प्रदर्शन से नहीं बल्कि शांति से मिल-बैठकर बातचीत से होगा।
विज्ञापन

अपने पाकिस्तान दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भारत के मस्तक को झुकने नहीं दिया और दो टूक शब्दों में कहा कि आतंकवादी सिर्फ आतंकवादी होता है। एक देश का आतंकी दूसरे देश का हीरो नहीं हो सकता। अनेकता में एकता वाली भारतीय पहचान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी मुल्क में इस्लाम के सभी 72 फिरके नहीं मिलते जो कि हिंदुस्तान में मिलते हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की जाति-धर्म के नाम पर बांट कर राज करने की नीति से महान भारत नहीं बना सकते। कुछ लोगों द्वारा आज भी ऐसे ही राज करने की कोशिश है ताकि हिंदुस्तान टूट जाए लेकिन ऐसी किसी साजिश को मौजूदा सरकार सफल नहीं होने देगी।
काकोरी कांड के शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि  शहीदों की सोच थी कि देश की मुकम्मल तरक्की के लिए गांव, किसान और जवान खुशहाल हों। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार उसी काम में जुटी है। वर्ष 2022 तक किसान की आमदनी दोगुना करने का लक्ष्य है। नौजवानों के हुनर को दो से तीन माह के प्रशिक्षण में कौशल विकास कार्यक्रम के तहत निखारकर मुद्रा बैंक से कम से कम ब्याज पर लोन देकर स्वरोजगार का मौका मुहैया कराया गया है। स्वच्छता के लिए पहली बार ऐसा कोई अभियान चला कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक सड़कों पर सफाई के लिए झाड़ू लेकर निकले। लोगों में राष्ट्र स्वाभिमान पैदा करने के लिए यह तिरंगा यात्रा शुरू हुई है। सभा में केंद्रीय बाल एवं महिला कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज, उत्तर प्रदेश भाजपा विधानमंडल दल नेता सुरेश कुमार खन्ना, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र, जिला महामंत्री डीपीएस राठौर व नवनीत पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव आदि मंचासीन थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें