शाहजहांपुर जिले की पुवायां मंडी में धान बेचने आए किसानों ने तब हंगामा कर दिया, जब उन्हें पता लगा कि तौल नहीं हो रही। मंडी गेट पर अवकाश के कारण तौल बंद होने की बात लिखी थी। इससे किसान भड़क गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शाहजहांपुर के पुवायां में अवकाश के कारण धान भरी ट्रॉलियों को क्रय केंद्र पर न भेजे जाने का आदेश चस्पा करने के बाद ट्रॉलियों का मंडी परिसर के केंद्रों पर प्रवेश रोक दिया गया। इस पर किसान धरने पर बैठ गए।
विज्ञापन
शनिवार को मंडी गेट पर आरएफसी के खरीद केंद्रों के प्रभारियों के हस्ताक्षर वाला एक आदेश चस्पा कर दिया गया, जिसमें त्योहारों के अवकाश के कारण तौल बंद होने और धान भरी ट्रॉलियों को आरएफसी के खरीद केंद्रों के लिए टोकन जारी करने की मनाही की गई थी। दूसरी एजेंसियों के केंद्र प्रभारी भी मंडी गेट पहुंच गए और सभी केंद्रों पर धान भरी ट्रॉलियां न भेजने को कह दिया। इससे धान लेकर आए और लंबी लाइन लगाए किसान भड़क उठे।
भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन वीएम सिंह गुट के तहसील महासचिव सचिन मिश्रा किसानों के साथ मौके पर पहुंचे और डीएम-एसडीएम को जानकारी देकर दी। किसानों का धान केंद्रों पर डलवाए जाने और एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इसके बाद किसानों ने मंडी में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।