आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करने और संभावित उम्मीदवारों का बायोडेटा लेने के लिए यहां पहुंचे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तथा पर्यवेक्षक नितिन कुमलहाकर ने कहा कि कार्यकर्ता निराशा के माहौल को दूर कर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। बोले हाईकमान की मंशा है कि चार महीने के अंदर पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। उम्मीदवार कार्यकर्ताओं के बीच का होगा और सभी की सहमति से नाम तय किया जाएगा।
डाक बंगला परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान अतित गुप्ता, श्यामबाबू सिंह, आलोक प्रताप सिंह भोला, छोटे लाला उर्फ माखन फौजी आदि कार्यकर्ताओं ने उम्मीदवार के रूप मे अपने बायोडेटा नितिन को सौंपे। इस दौरान उन्होंने सभी दावेदारों को एक-एक कर कमरे में बुलाकर विभिन्न जानकारियां भी लीं। पूर्व में उनके वहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित के अलावा विनीत मिश्रा, गोपाल मोहन द्विवेदी, भूपेंद्र सिंह भन्नू, रामू अग्निहोत्री, सुनील भारद्वाज, नवीन सक्सेना, विनोद चंद्र शर्मा, अनिल वर्मा, सौरभ शुक्ला आदि मौजूद रहे।