शाहजहांपुर। ट्रेन से सफर करते समय मोबाइल गुम हो जाने से मायूस लोगों के चेहरे पर जीआरपी ने मुस्कान लौटा दी। जीआरपी ने गुम मोबाइल को बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए। खोया मोबाइल मिलते ही सभी ने जीआरपी का तहे दिल से धन्यवाद दिया।
गुरुवार को रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने पर सीओ रेलवे द्वितीय कृष्ण कांत शुक्ला व प्रभारी निरीक्षक सैय्यद मुहम्मद असगर ने जीआरपी टीम द्वारा बरामद 17 मोबाइल सेट उनके मालिकों को सौंपें। जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। सीओ रेलवे द्वितीय कृष्ण कांत ने बताया कि एडीजी, डीजी, डीजीपी व एसपी रेलवे के दिशा निर्देश पर जीआरपी ने संयुक्त टीम बनाकर शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों गुम मोबाइलों की बरामदगी को अभियान चलाया था। टीम के अथक प्रयासों से टीम ने 17 मोबाइल सेट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये है। इन बरामद मोबाइलों को उनके मालिकों के सुपुर्द किया गया है। इस मौके पर उप निरीक्षक रामकृष्ण कठेरिया, उप निरीक्षक टीकम सिंह, उप निरीक्षक राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।
इनको मिला उनका गुमशुदा मोबाइल
जियाखेल निवासी अशफाक, मोहल्ला अंटा के आयाज, शाहबाद हरदोई के सोहित कुमार, फतेहगंज पूर्वी जिला बरेली की सीमा, थाना पाली के कहार कोला गांव के आदेश कुमार, बलिया जिले के गढ़मलपुर निवासी रामबाबू को को उनका गुम हो चुका मोबाइल बरामद कर सौंपा गया। इसी तरह से ककरा कलां की अर्शी बेगम, रेलवे कालोनी के संतोष कुमार, बड़ा ककरा की राना बी, हमातपुरा जिला लखीमपुर खीरीके शिवांशू, राजाजीपुरम लखनऊ के मनीष दीक्षित, प्रतापगढ़ के चिंतामणिपुर के प्रियरंजन शुक्ला, लुधियाना पंजाब के सुंदर नगर की चंद्रावती, सुभाष नगर शाहजहांपुर के सोनू वर्मा, मुरादाबाद के प्रेम भवन चाऊ की बस्ती निवासी कपिल कुमार, उन्नाव के फुरसतपुर खड़ा के अनुभव वर्मा, सहारनपुर के राम नगर पठान पुरा निवासी मनीष कुमार का मोबाइल भी बरामद हुआ, जिसे जीआरपी ने उनके मालिकों को सौंपा।