फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश के साथ तेज हवा से अस्त-व्यस्त हुआ बिजली नेटवर्क

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर/रोजा। झमाझम बारिश के साथ तेज हवा ने मंगलवार की रात बिजली का फ्यूज उड़ा दिया। इससे तमाम इलाकों में अंधेरा पसर गया। शहर के वीआईपी इलाके दीवान जोगराज में 33 केवी लाइन टूट जाने से कई मोहल्लों समेत रोजा के सभी फीडरों की बिजली सप्लाई रात नौ बजे से ठप हो गई। पेड़ की डाल टूटकर गिरने से 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हुई तो 24 घंटे बिजली सप्लाई देने वाला रोजा का रेलवे फीडर भी बंद हो गया। इधर, शहर के दीवान जोगराज, केरूगंज, दलेलगंज आंशिक आदि क्षेत्रों में तेज हवा से तार आपस में टकराए तो शार्ट सर्किट से कई खंभों पर लगे जंपर जल गए। रात 11 बजे के बाद बारिश थमने पर महानगर के सभी फीडर बारी-बारी चालू कर दिए गए, लेकिन रोजा और आसपास के करीब नौ हजार घरों, औद्योगिक इकाइयों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की बत्ती पूरी रात गुल रही।
विज्ञापन

महानगर में रात आठ बजे तक बिजली सप्लाई सामान्य बनी रही, लेकिन बाद मेें हवा चलने के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई तो पावर नेटवर्क प्रभावित होने लगा। कैंट इलाके में एमईएस फीडर की 11 केवी लाइन पर इमली रोड के पास दो खंभों के जंपर जल गए। इससे ओसीएफ इस्टेट के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कॉलोनी में बिजली सप्लाई ठप हो गई। यह खराबी दूर करने के लिए गोविंदगंज से लाइन स्टाफ सीढ़ी लेकर साइट पर निकला, लेकिन लाइन पर काम शुरू भी नहीं हो सका कि बारिश के साथ हवा ने भी रफ्तार पकड़ ली। नतीजे मेें एमईएस का फाल्ट ठीक होना तो दूर रहा, शहर के अन्य हिस्सों की लाइनें भी छिन्न भिन्न होने लगीं।
गर्रा फाटक के पास बाला तिराही मोहल्ले की लाइन के तार आपस में टकराए तो चिनगारियां छूटने के साथ एक तार टूटकर जमीन पर आ गिरा। उधर, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मोहल्ला दीवान जोगराज में सरायकाइयां सब स्टेशन की 33 केवी लाइन टूटी तो महानगर के दक्षिण पूर्व हिस्से में स्थित केरूगंज, रोशनगंज, सरायकाइयां, दलेलगंज आदि इलाके अंधेरे में डूब गए। बिजली सप्लाई के लिहाज से हालात और बिगड़ गए, रोजा उप केंद्र से महानगर के प्रभावित क्षेत्रों को बिजली देने का प्रयास किया गया। इससे रोजा सब स्टेशन के सभी फीडर ओवरलोडिंग से ट्रिप होने लगे।
विज्ञापन

इसी बीच, रोजा में रामबहादुर की चक्की के पास 11 केवी लाइन केे तार टूटे तो रेलवे फीडर की सप्लाई ठप हो गई। हालांकि, बारिश एक घंटे मेें थम गई, लेकिन घना अंधेरा और लाइनेें भीगी होने से उनके फाल्ट ठीक करने का काम बुधवार को सुबह आठ बजे के बाद शुरू हो सका। रेलवे फीडर और जमुही फीडर की सप्लाई दोपहर तीन बजे चालू हो सकी। क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता गुलशन सिंह के अनुसार अन्य लाइनों पर मेंटीनेंस का काम जारी है और दिन ढले तक सप्लाई चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।
मदनापुर के व्यापारियों में बिजली संकट से रोष
शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की मदनापुर इकाई की बुधवार को कटरा-जलालाबाद मार्ग स्थित गिरिराज कोल्ड स्टोरेज मेें हुई बैठक में व्यापारियों ने बिजली संकट पर कड़ा रोष जताया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए इकाई अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि बिजली कटौती और ट्रिपिंग से अक्सर बत्ती गुल रहने के कारण व्यापारियों का धंधा चौपट हो रहा है। थाने में पुलिस स्टाफ की कमी से आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं पर भी व्यापारियों ने चिंता जताई। बैठक में मौजूद संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान को जल्द संबंधित अधिकारियों से भेंटवार्ता की जाएगी। प्रारंभ में स्थानीय कारोबारियों ने व्यापारी नेता दुआ समेत मुख्यालय से उनके साथ गए नाजिम खां, नीरज गुप्ता, रोहित अग्रवाल आदि पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें