आर्डनेंस वस्त्र फैक्ट्री (ओसीएफ) की लेबर भर्ती परीक्षा 2013 रविवार को शहर में 12 केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। चूंकि परीक्षा लगभग दो साल बाद हुई, इसलिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, एसपी कॉलेज, देवी प्रसाद कॉलेज, एसएस कॉलेज, जीएफ कॉलेज, आर्य महिला महाविद्यालय, इस्लामिया कॉलेज, जनता कॉलेज, श्री दैवी संपद कॉलेज, एबी रिच कॉलेज, संजय कुमार सरस्वती कॉलेज को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के लिए कुल 7731 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन रविवार को हुई परीक्षा में सभी केंद्रों पर लगभग 2200 परीक्षार्थी ही शामिल हो सके। परीक्षा वर्क्स मैनेजर सौरभ सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।
अभिभावकों को दी परीक्षा, मूल्यांकन की जानकारी
शाहजहांपुर। तक्षशिला पब्लिक स्कूल में शिक्षक-अभिभावक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों को चरणबद्ध मूल्यांकन, बोर्ड द्वारा निर्धारित मासिक एवं वार्षिक परीक्षा की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य उज्ज्वला सिन्हा ने विद्यालय द्वारा निर्धारित प्रमोशन पॉलिसी से भी अवगत कराया। प्रधानाचार्य ने अभिभावकों की शंकाओं का समाधान भी किया और सभी से सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए आभार व्यक्त किया।