शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान दुकान खोलने के आरोप में दो पुस्तक विक्रेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि आरोपी दुकान बंद कर भाग गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अमर उजाला ने मंगलवार को लॉकडाउन उल्लंघन कर किताबों की दुकानें खोले जाने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद मंगलवार को थाना सदर बाजार पुलिस ने दो पुस्तक विक्रेताओं पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी निरीक्षक किरन पाल सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी सदर बाजार में तैनात एसआई राजकुमार श्रीवास्तव मंगलवार को दोपहर 12:45 बजे भारतीय स्टेट बैंक के टाउन हॉल शाखा से चेकिंग कर लौट रहे थे। तभी एसपी कॉलेज के पास प्रवीन पुस्तक भंडार एवं अनंत बुक डिपो उक्त दोनों दुकानें खुली हुई थीं। यहां लोगों की भारी भीड़ जमा थी। सामाजिक दूरी का भी कोई पालन नहीं किया जा रहा था।
जब पुलिस वहां पहुंची तब तक भीड़ और पुस्तक विक्रेता प्रवीन पुस्तक भंडार के प्रोपराइटर प्रवीन ग्रोवर निवासी रामनगर कॉलोनी थाना सदर बाजार व अनंत बुक डिपो के प्रोपराइटर अनंत अग्रवाल निवासी मोहल्ला कटिया टोला थाना सदर बाजार दुकान बंद करके भाग गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान पुस्तकों की दुकान खोलने की अनुमति प्रदान नहीं की गई है। इसके बावजूद भी दुकानदारों ने दुकानें खोलकर लॉकडाउन का उल्लंघन किया है। मामले में धारा 188, 269, 270, 271 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।