शाहजहांपुर में जिला कारागार में ओपेन जिम में व्यायाम वाली मशीन चलाते वित्त मंत्री सुरेश खन्ना।
शाहजहांपुर। जिला कारागार में बंदियों के कौशल विकास प्रशिक्षण व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बने बहुउद्देशीय हाॅल, वॉल पेंटिंग का वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने शुभारंभ किया। इस बीच रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए गए।
वित्त मंत्री ने वॉल पेंटिंग में काकोरी कांड के अमर नायकों के भित्ती चित्र का अनावरण किया। उन्होंने ओपन जिम का उद्घाटन भी किया। मंत्री ने कहा कि सरकार की नीति के तहत जेल को सुधार गृह के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है।
दीवार पर बने चित्रों को देखकर बोले कि यहां बंदियों की कला सुधार की तरफ बढ़ते कदम को दर्शाता है। उन्होंने डीएम क्रिटिकल गैप्स फंड से निर्मित बहुउद्देशीय हॉल का उद्घाटन भी किया। मंत्री ने जिम में लगी मशीनाें को स्वयं चलाकर देखा।
महिला बंदियों ने स्वागत गीत पेश किया। सुदामा प्रसाद विद्यालय की बालिकाओं ने देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर धूम मचा दी। मंथन नाट्य अकादमी के कलाकारों ने प्रणाम काकोरी नाटक का मंचन किया।
बुलंदशहर से आए समाजसेवी राहुल शर्मा की ओर से बंदियों को स्लीपर, पायजामा, शर्ट आदि भेंट की गईं। स्वयंसेवी संगठन इंडिया विजन फाउंडेशन की ओर से भी सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सांसद मिथलेश कुमार, महापौर अर्चना वर्मा, डीपीएस राठौर, वीरेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, शिल्पी गुप्ता आदि मौजूद रहे।