शाहजहांपुर। नए साल के स्वागत में होटल और रेस्टोरेंट पर भले ही पार्टी करने का मौका न मिले, लेकिन होम डिलीवरी का विकल्प खुला रहेगा। इससे घर पर पार्टी का लुफ्त उठाया जा सकेगा। साल 2022 के आने में कुछ ही घंटों की देरी है। 31 दिसंबर को रात के 12 बजते ही नए साल की शुरुआत हो जाएगी।
इसके स्वागत के लिए लोगों में उत्सुकता देखी जा रही है। हर कोई अपने तरीके से नए साल का स्वागत करना चाहता है, लेकिन कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन का साया मंडराने के कारण लोगों की सभी प्लानिंग पर पानी फिर गया है। इसकी वजह शासन की ओर से रात 11 से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू का लगाया जाना है।
होटल व रेस्टोरेंट में नए साल के स्वागत में कोई कार्यक्रम नहीं होंगे। लेकिन घर पर ही पार्टी को अरेंज किया जा सकेगा। ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियां देर रात तक खाना पहुंचाएंगी। एक ऑनलाइन कंपनी के एरिया मैनेजर अजीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सुविधाओं को नाइट कर्फ्यू में छूट प्रदान की गई है। रात 12 बजे तक ही डिलीवरी की सुविधा प्रदान की जाती है। 31 दिसंबर की रात को देर रात तक होम डिलीवरी किए जाने की योजना है, जिसको लेकर बैठक में निर्णय लिया जाएगा।