शाहजहांपुर। जिले में रबी सत्र 2026-27 के लिए प्रमाणित बीजों और मुफ्त मिनीकिट की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। कृषि विभाग ने यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटरीकृत ई-लॉटरी प्रणाली अपनाई है। किसान अब कृषि विभाग के पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर ने बताया कि रबी फसलों के बीज वितरण में भी खरीफ सत्र की तरह ई-लॉटरी से लाभ मिलेगा। अनुदान का लाभ केवल चयनित किसानों को ही मिलेगा। बुकिंग की प्रक्रिया 02 जुलाई से शुरू हुई है। जो किसान ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर सकते, वे राजकीय कृषि बीज भंडार या अन्य विभागीय कार्यालयों से निशुल्क सहायता ले सकते हैं। बुकिंग के लिए किसान का विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।
प्रथम चरण की बुकिंग और ई-लॉटरी की तिथियां
बुकिंग की तिथि समाप्त होने के अगले दिन ई-लॉटरी होगी। तोरिया के लिए बुकिंग दो जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगी। दलहनी और तिलहनी फसलों के साथ गेहूं और जौ के लिए बुकिंग 10 जुलाई से शुरू होकर 10 सितंबर तक होगी। तिलहनी, गेहूं और जौ की बुकिंग 30 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद, द्वितीय और तृतीय चरण की बुकिंग सात दिन के अंतराल पर फिर से खोली जाएगी।