शाहजहांपुर। कलान के गांव सनाय में स्व.जगन्नाथ कश्यप की पत्नी लौंगश्री (56) की हत्या का राज एक महीने के बाद भी नहीं खुल सका था। परिजन के तहरीर देने से इन्कार करने पर पुलिस ने गुमशुदगी में हत्या की धारा बढ़ा दी थी। उनकी मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है।
दो नवंबर को लौंगश्री अपने घर से कहीं चली गई थी। परिवार वालों ने उनकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं लगा। सात नवंबर को लौंगश्री का धड़ हाईवे किनारे गुंदौरा मोड़ के पास सहबेगपुर गांव निवासी सालिगराम के खेत में पड़ा मिला था। पुलिस ने 50 मीटर की दूरी पर सिर भी बरामद कर लिया था। सिर से बाल और खाल गायब थी। मृतक की बेटी अनीसा ने शव की पहचान की थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया तो चाकू से गला रेतकर हत्या हाेने की बात सामने आई। परिजन हत्या की बात से इन्कार करते रहे। उनका कहना था कि मृतका के सिर पर जानवराें के हमले जैसा निशान था। परिजन की ओर से तहरीर नहीं देने पर पूर्व में दर्ज गुमशुदगी में धाराओं को बढ़ाते हुए मामले की जांच को शुरू किया। पुलिस ने परिजन से लेकर ग्रामीणों तक से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। एक महीना बीतने के बाद पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
रानी की विसरा रिपोर्ट आने का इंतजार
-जलालाबाद के गांव दुमकापुर निवासी अतीश की पत्नी 45 वर्षीय पत्नी रानी का शव क्षतविक्षत अवस्था में नेशनल हाईवे पर तिलहर क्षेत्र में मिला था। वह नौ अक्तूबर से लापता थीं। मृतका के बेटे पवन ने कपड़ों से मां के शव की शिनाख्त करते हुए हत्या का आरोप लगाया था। जलालाबाद पुलिस ने मामले की विवेचना को शुरू किया। पोस्टमॉर्टम के बाद उसका विसरा सुरक्षित रखते हुए जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने का इंतजार है।
-कलान में महिला की मौत की विवेचना चल रही है। पुलिस पूछताछ कर रही है। जल्द ही किसी नतीजे पर पहुंचेंगे। जलालाबाद वाले मामले में विसरा रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।
अमित चौरसिया, सीओ जलालाबाद