कांट। राजस्व अभिलेखों में भाई को मृत दिखाकर जमीन की विरासत अपने नाम करा लेने और विरोध करने पर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। न्यायालय के आदेश पर तत्कालीन राजस्व निरीक्षक और पिता-पुत्र समेत चार लोगों को नामजद किया गया है।
गांव रावतपुर निवासी अमीन अहमद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि पिता वरकत उल्ला की मौत के बाद उनकी 1.10 एकड़ जमीन की विरासत उनके अलावा भाई अतीक अहमद और मोहम्मद उमर के नाम दर्ज हो गई। बाद में मोहम्मद उमर, अतीक अहमद और लईक अहमद ने तत्कालीन राजस्व निरीक्षक से सांठगांठ कर अभिलेखों में उन्हें मृतक दिखा दिया। उनके हिस्से की तिहाई जमीन मोहम्मद उमर व अतीक अहमद ने अपने नाम करा ली।
मोहम्मद उमर की मौत के बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी की बात चली तो चकबंदी न्यायालय में वाद दायर किया। आरोपियों ने चकबंदी कार्यालय में अपनी पहुंच बनाकर वहां से मुकदमे की पत्रावली गायब करा दी। आरोपियों से जमीन अपने नाम कराने को लेकर शिकायत की तो उन्होंने जान से मारने की कोशिश की।
रिपोर्ट में रावतपुर क्षेत्र में तैनात रहे राजस्व निरीक्षक समेत अतीक अहमद, लईक अहमद और उसके पुत्र जकी अहमद को आरोपी बनाया गया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।