फाइलेरिया की दवा न देने पर पुवायां सीएचसी पहुंचे भाकियू जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता। संवाद
पुवायां। सरकार फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाने का अभियान चला रही है। डीएम लोगों से दवा खाने की अपील कर रहे हैं और एसपी खुद दवा खाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, लेकिन सीएचसी पर फाइलेरिया रोगी को दवा देने से ही मना कर दिया गया।
गांव लालपुर निवासी सुखदेव भाकियू टिकैत गुट के कार्यकर्ता हैं। सीएचसी में चार माह से उनका फाइलेरिया का इलाज चल रहा है। शनिवार को वह दवा लेने पहुंचे तो कर्मचारी ने दवा नहीं होने की बात कहते हुए उनको लौटा दिया। सुखदेव ने जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव को जानकारी दी तो वह कई कार्यकर्ताओं के साथ सीएचसी पहुंचे और नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार और प्रशासन अभियान चला रहा है, दूसरी ओर सीएचसी से दवा को मना किया जा रहा है।
भाकियू कार्यकर्ताओं के एकत्र होने पर स्वास्थ्यकर्मी ने सुखदेव को दवा मुहैया कराई। अनिल सिंह यादव ने कहा कि वह मामले से डीएम और सीएमओ को अवगत कराते हुए संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग करेंगे। सीएचसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र पाल ने बताया कि फाइलेरिया की दवा उपलब्ध है। दवा अंदर रखी थी। दवा निकलवाने में समय लगा था। दवा नहीं देने का आरोप गलत है। फाइलेरिया से बचाव की दवा लोगों को खिलाई भी जा रही है।