पुवायां। शाहजहांपुर पलिया हाईवे पर गड्ढे भरने के कुछ ही दिन बाद फिर से गहरे गड्ढे हो जाते हैं। साल भर में दूसरी बार गड्ढे भरने का काम शुरू किया है, लेकिन कई स्थानों पर हाईवे की स्थित बेहद खराब है। शाहजहांपुर पलिया हाईवे पर सिंधौली से शाहजहांपुर के बीच, पुवायां से खुटार के बीच गांव धारा, करनापुर और खुटार से मैलानी के बीच हाईवे पर गहरे गड्ढे थे।
एनएचएआई ने पीडब्ल्यूडी को गड्ढे भरने का काम सौंपा था। इसके बाद हाईवे की मरम्मत की गई, लेकिन कई स्थानों पर हालत जस की तस रही। जो गड्ढे भरे गए थे, वह भी कुछ ही समय में उखड़ कर पुरानी स्थित में पहुंच गए।
पुवायां शाहजहांपुर मार्ग पर गांव बड़ागांव के आगे और पुवायां खुटार मार्ग पर गांव धारा बितौनी के पास रोड फिर से काफी खराब हो चुकी है। अब फिर से गड्ढे भरने का काम शुरू किया गया है। लोगों ने मांग की है कि गड्ढे भरने में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, जिससे हाईवे की हालत ठीक रह सके।