प्रदेशीय बैडमिंटन में जीतकर आए खिलाड़ियाें का उत्साह बढ़ाते जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिय
शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 70वीं प्रदेशीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 आयु वर्ग की एकल स्पर्धा में ओम अरोड़ा ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
23 से 26 सितंबर तक बरेली के डोरीलाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता में अंडर-19 आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में बरेली मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए ओम अरोड़ा, शुभ गुप्ता और क्षितिज यादव की टीम ने उपविजेता रहते हुए रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए एसजीएफआई में चयन हुआ। राष्ट्रीय प्रतियोगिता जनवरी में हरियाणा में होने की संभावना है। खिलाड़ियों के स्टेडियम लौटने पर जिला खेल कार्यालय में उनका स्वागत किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिया ने फूल माला पहनाईं।