तिलहर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव निजामपुर गौंटिया निवासी किसान रघुवर दयाल वर्मा के ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। वह रात में खेत की रखवाली करने के लिए गए थे।
55 वर्षीय रघुवर दयाल वर्मा का खेत तिलहर थाना क्षेत्र के गांव के किनारे है। शुक्रवार रात नौ बजे खेत की जानवरों से रखवाली करने के लिए वह निकले थे। इस बीच उनके खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन रघुवर दयाल के ऊपर आ गिरी। इसके चलते वह करंट से झुलस गए और उनकी मौके पर मौत हो गई। सुबह खेत की ओर से निकले लोगों ने रघुवर का शव पड़ा देखा तो परिजन को सूचना दी। मृतक के भाई हरिराम ने बिजली के तार से करंट लगने से मौत होने की जानकारी पुलिस को दी।
सीमा का मामला होने के चलते थाना सदर बाजार और तिलहर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सदर बाजार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।