तिलहर (शाहजहांपुर)। मुखबिर की सूचना और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार की रात पुलिस टीम ने बंथरा आयल डिपो के बाहर टैंकरों से तेल चोरी करते छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 75 लीटर पेट्रोल व 60 लीटर डीजल बरामद किया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर तीन लोग मौके से भाग गए।
शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे सूचना पर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह टीम के साथ बंथरा स्थित इंडियन ऑयल डिपो के बाहर पहुंचे। यहां डिपो से निकलने वाले टैंकरों से चोरी-छिपे डीजल व पेट्रोल निकालते छह लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया और तीन लोग भाग गए। आरोपियों के कब्जे से मिली प्लास्टिक की तीन केनों में चोरी किया हुआ करीब 60 लीटर डीजल और तीन केनों मे 75 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ।
काफी संख्या में छोटी-बड़ी प्लास्टिक की खाली केन, प्लास्टिक बाल्टी, कीप, पाइप, बाइक और चार मोबाइल बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में गांव बंथरा के मुलायम, दीपू, गोपाल शर्मा, असित, सुधीर और शिवलाल हैं। रामू, राजू और सोनू भाग गए। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
काफी समय से चल रहा तेल चोरी का खेल
डिपो से तेल चोरी का खेल काफी समय से चल रहा है। बताया जाता है कि रोजाना हजारों की तेल चोरी की जाती रही है। काफी समय पहले टैंकर के चालक जब खाना खाने के लिए ढाबे पर टैंकर खड़ा करते थे, तब चोर तेल चोरी कर लेते थे। रोजाना हजारों लीटर तेल चोरी किया जाता रहा है। पूरा गिरोह मिलकर तेल चोरी का काम करता रहता था।
तत्कालीन डीएम राजमणि यादव की सख्ती के बाद तेल टैंकर ढाबों पर खड़े होने बंद हो गए थे और तेल चोरी की वारदात थमीं थीं। तेल चोरी के लिए पूरा गैंग काम करता था। इसकी जानकारी पुलिस को भी होती थी, लेकिन कार्रवाई नहीं की जाती थी। चर्चा है कि वर्तमान में तेल चोरी की सूचना जिले के आला अधिकारियों तक पहुंच गई थी। इसी के मद्देनजर एक पुलिस अधिकारी ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए खुद टीम के साथ छापा मारा, तब जाकर चोरी का खुलासा हुआ। स्थानीय पुलिस को फटकार भी लगाई गई है।