शाहजहांपुर। हथौड़ा स्थित परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को युवाओं ने अग्निपथ योजना के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। युवाओं ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी को दिया। एसपी एस. आनंद और जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों ने युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि युवा संतुष्ट नहीं हुए। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।
एसपी एस. आनंद ने रविवार को अग्निपथ योजना का विरोध करने वाले युवाओं को पुलिस लाइन में बुलाकर काउंसलिंग की थी। युवाओं ने ज्ञापन देकर विरोध जताने के लिए कहने पर एसपी ने सभी को सोमवार को हथौड़ा स्टेडियम में बुलाया। इस दौरान सुभाष चौराहे से लेकर स्टेडियम तक फोर्स तैनात किया गया। एसपी, एसपी सिटी संजय कुमार, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह समेत कई थानों का फोर्स बुला लिया गया। तमाम युवा तिरंगा लेकर पहुंचे थे।
एसपी एस. आनंद ने युवाओं से भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए खुद को उनका बड़ा भाई बताया। बोले-हमारी सहानुभूति आपके साथ है। ऐसा कोई काम न करें, जिससे कानून व्यवस्था खराब हो। उन्होंने युवाओं को अग्निपथ योजना के बारे में जानकारी दी, लेकिन युवा उनकी बातों से संतुष्ट नहीं हुए। तमाम तर्क-वितर्क के तीन घंटे के बाद भी युवाओं को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी समझाने में सफल नहीं हो सके।
युवाओं के तेवर नरम न पड़ने पर एसपी सिटी संजय कुमार ने कहा कि मामला उच्च स्तर का है, ज्ञापन दीजिए, हम वहां तक आपकी समस्या को पहुंचा देंगे। उसके बाद एसपी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा लगवाकर सभी से घर जाने की गुजारिश की। इसके बाद सैनिक कल्याण बोर्ड के सूबेदार कर्नल दिनेश मिश्रा, मेजर मृदुल सिंह, रमेश दीक्षित, एमएम मिश्रा, सेवानिवृत्त कर्नल केके चौधरी ने भी युवाओं को समझाने का प्रयास किया।
एक किलोमीटर तक अलर्ट हो गई पुलिस
करीब एक किलोमीटर तक पुलिस को अलर्ट कर दिया। सुभाष चौराहे पर जाम की आशंका के बीच भारी पुलिस फोर्स लगा दिया गया। युवा भारत माता की जय के नारे लगाते हुए निकले तो स्टेडियम गेट पर ही एसपी ने रोक लिया। उनसे एक साथ जाने के बजाय पांच-पांच के ग्रुप में घर जाने के लिए कहा। कुछ युवा सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे, लेकिन भारी पुलिस फोर्स देखकर उनकी हिम्मत जवाब दे गई।
नियमों में बदलाव की मांग की
सेना की तैयारी कर रहे युवाओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन को दिया। ज्ञापन में भारत सरकार द्वारा अग्निपथ टीओडी (टूर आफ ड्यूटी) नियमों में बदलाव करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन पर आर्यन सिंह, आकाश कुमार, आशीष, अरुण सिंह, मनोज, सचिन, प्रदीप कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय सामाजिक क्रांतिकारी संघ के अमित कुमार ने राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर अग्रिपथ योजना को वापस लेने, पुरानी सेना भर्ती प्रक्रिया को शुरू कराने की मांग की।
सेना से रिटायर 18 जवान बने सिपाही
युवाओं का सवाल था कि चार साल की नौकरी के बाद उन्हें कहां पर मौका मिलेगा। एसपी ने बताया कि सेना से रिटायर 18 जवान पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर भर्ती हुए हैं।
योजना को वापस ले सरकार
सरकार को युवाओं की मांग को मानते हुए अग्निपथ योजना को वापस लेते हुए पुरानी सेना भर्ती प्रक्रिया को शुरू कराना चाहिए। इससे युवाओं को सेना में जाने पर पहले जैसा सम्मान मिल सके। -मोहम्मद साजिद
फिर से जूझना पड़ेगा
चार साल की भर्ती से कोई फायदा होने वाला नहीं है। उसके बाद फिर से नौकरी के लिए जूझना पड़ेगा। इतने लंबे समय से सेना की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अग्रिपथ योजना से अरमानों पर पानी फिर गया। -उपेंद्र सिंह
युवाओं की सोचे सरकार
सरकार को युवाओं के बारे में सोचना चाहिए। सरहद पर किसान का बेटा गोली खाने के लिए जाता है, किसी नेता का बेटा नहीं। फिर भी सेना में जाने वालों के बारे में कोई कुछ सोचने के लिए तैयार नहीं है। -मोनू
अरमानों पर फिरा पानी
पूरे अरमानों पर पानी फिर गया। क्या सोचा था, क्या हो गया। अग्निपथ योजना से युवाओं के लिए कोई फायदा नहीं है। युवाओं के हित को देखते हुए सरकार को अपना फैसला बदलना चाहिए। -वैभव ठाकुर
शाहजहांपुर में सेना की भर्ती के लिए ट्रेनिंग ले रहे छात्र तिरंगा लेकर जदुनाथ सिंह स्टेडियम पहुं?- फोटो : SHAHJAHANPUR