पुवायां। खेत पर कब्जा करने के मामले में पुलिस ने ढाई माह बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव धर्मंगदपुर खुर्द निवासी हीरालाल ने पुलिस को बताया कि उनका खेत कम था, जिसका वाद उन्होंने एसडीएम कोर्ट में किया। कई वर्ष बाद मेड़बंदी का आदेश हुआ था। पांच फरवरी 2015 को कच्ची पैमाइश के बाद तीन जुलाई 2025 को कानूनगो अनूप सक्सेना ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर पक्की पैमाइश कर तूदाबंदी और मेड़बंदी कराई थी। पैमाइश के अनुसार उन्होंने खेत भी जोत लिया।
पैमाइश के दूसरे दिन सूरजपाल, रामऔतार, ठाकुर प्रसाद, शंकरलाल, धर्मेंद्र प्रसाद, रावेंद्र प्रसाद ने तूदे उखाड़ दिए और खेत पर फिर से कब्जा कर लिया। आरोपियों ने खेत में धान की रोपाई भी कर दी थी। जानकारी पाकर वह मौके पर गए तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने खेत पर कब्जा छोड़ने से मना कर दिया था। इसकी शिकायत थाने पर की थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। अब वह फिर से तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराना चाहते हैं। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद