कांट। नगर की सीमा में लिपुलेख-भिंड हाईवे को चौड़ा करने के लिए उसके दोनों ओर किए गए अवैध कब्जे हटाने के लिए 23 सितंबर को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। चिह्नित किए गए अवैध कब्जों पर लोक निर्माण विभाग की ओर से तीसरा नोटिस चस्पा किए जाने पर भी उन्हें अब तक हटाया नहीं गया है। इसलिए अब अतिक्रमण करने वालों से सख्ती से निपटने का निर्णय किया गया है।
अवैध कब्जों पर चस्पा किए गए नोटिस में लोनिवि ने हाईवे के दोनों ओर किए गए कब्जे दस सितंबर तक हटाकर हाईवे के दोनों तरफ 60-60 फुट जगह खाली करने के लिए कहा गया था। नोटिस में ही चेतावनी दी गई थी कि ऐसा नहीं करने पर लोनिवि अपने स्तर से अवैध कब्जे ध्वस्त कराकर इस पर होने वाला व्यय अतिक्रमण करने वालों से वसूल करेगा।
बता दें कि नगर सीमा में हाईवे के दोनों ओर कई लोगों ने पक्की दुकानें और मकान बना रखे हैं। लोनिवि के सहायक अभियंता जोगेंद्र गंगवार ने बताया कि चेतावनी के बावजूद अवैध कब्जे हटाए नहीं जाने के कारण अतिक्रमण करने वालों से अब सख्ती की जाएगी। संवाद