जलालाबाद। मारपीट के आठ दिन पुराने मामले में अब आम आदमी पार्टी के नेता संतराम चौहान ने सांसद के प्रतिनिधि और नगरपालिका के नामित सभासद गौरव राघव और उनके पिता सहित तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आम आदमी पार्टी से गत विधानसभा चुनाव लड़ चुके गांव दिबियापुर निवासी संतराम ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अजय चौहान सामान खरीदकर कार से घर आ रहा था। इसी दौरान खंडहर मार्ग पर गौरव ने अपने घर के सामने सड़क पर बाइक लगाकर जबरन कार रोक ली। इस दौरान गौरव, उनके पिता सुरेंद्र पाल सिंह और तीन चार अज्ञात लोगों लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़ने के बाद बेटे को कार से खींचकर बेरहमी से पीटा।
प्राणघातक हमले में गंभीर रूप से घायल बेटे का लखनऊ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। गत 28 जून की रात बाइक से कार टकराने पर गौरव सहित उनकी पत्नी को भी चोटें आई थीं। पुलिस गौरव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है। सीओ ज्योति यादव के अनुसार दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज होने के कारण जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। संवाद