शाहजहांपुर। पंजीकृत डाक बंद करने का नियम सोमवार से लागू होना था लेकिन भारत सरकार की ओर से अब एक माह का समय बढ़ा दिया है। एक अक्तूबर से रजिस्ट्री डाक बंद हो जाएंगी। अब स्पीड पोस्ट से डाक भेजी जाएगी।
शहर के मुख्य डाकघर में आम दिनों में प्रतिदिन औसतन 200 रजिस्ट्री और करीब 300 स्पीड पोस्ट कराने के लिए लोग आते हैं। जब कोई भर्ती या त्योहार आते हैं तो इनकी संख्या काफी बढ़ जाती है। मुख्य डाकघर में स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री के लिए दो काउंटर बनाए गए हैं।
सरकारी डाक के अलावा युवा नौकरियों के लिए आवेदन करने के लिए अधिकतर रजिस्ट्री का प्रयोग करते हैं। सरकार ने इसको बंद करने का फैसला किया है।
सोमवार को भारत सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया कि अब रजिस्ट्री एक अक्तूबर से बंद होंगी। मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पहले से कोई सूचना नहीं मिली थी। दोपहर में भारत सरकार की ओर से नोटिफिकेशन आया तो जानकारी हुई कि एक अक्तूबर से रजिस्ट्री बंद की जाएंगी। संवाद