जिला कारागार में मशीन से बनती रोटियां । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जिला कारागार में अब बंदियों द्वारा हाथों से रोटी नहीं बनाई जाएगी। जेल के लिए मुख्यालय से रोटी बनाने की मशीन मिल गई। बृहस्पतिवार को मशीन की स्थापना कारागार की पाकशाला में कराकर उस पर रोटी सेकने का कार्य शुरू करा दिया गया।
सुबह चपाती मेकर का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आशुतोष तिवारी ने किया। कारागार अधीक्षक डॉ. बीडी पांडेय ने बताया कि जिला कारागार में करीब 1600 बंदी हैं। उनके लिए रोटी बनाने के लिए 40 से 50 व्यक्ति हर रोज लगते थे। इतने लोगों के लिए रोटी बनाने में समय भी काफी लगता था, लेकिन मशीन मिलने के बाद अब रोटी बनाने में आसानी होगी। अब रोटी बनाने में 15 लोग कम लगेंगे।
उन्होंने बताया कि मशीन से बनी रोटियां अच्छी तरह से सेंकी हुई होती हैं। इस मशीन के लग जाने के बाद खाना बनाना काफी सुविधाजनक हो गया है। अब खाना बनाने वाले के काम में लगे हुए बंदियों की भी संख्या कम हो जाएगी। कारागारों के आधुनिकीकरण की दिशा में बंदियों के कल्याण से जुड़ा यह एक बड़ा कदम है।