जलालाबाद। नगर का नाम परशुरामपुरी घोषित होने के बाद शनिवार देर शाम पहली बार परशुराम जन्मभूमि पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद का जन्मभूमि प्रबंध समिति के पदाधिकारियों सहित नगर के तमाम लोगों ने स्वागत किया। राज्यमंत्री से वहां मौजूद आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कराई। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।
राज्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर को बिजली की झालरों से सजाया गया था। पूजा अर्चना के बाद राज्यमंत्री राम ताल के घाट पर पहुंचे। वहां उन्होंने आतिशबाजी का प्रदर्शन देखा। इस दौरान जितिन ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने जन भावनाओं का आदर करते हुए इस मांग को पूरा किया। इस कार्य में केंद्रीय गृहमंत्री का भी अमूल्य योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि इस पुण्य कार्य में गिलहरी की तरह उन्हें भी योगदान करने का अवसर मिला। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, अरविंद कुमार सिंह, वीर विक्रम सिंह व चेतराम, एमएलसी डाॅ. सुधीर गुप्ता, राज्यमंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्रा, कौशल मिश्रा, ब्राह्मण चेतना परिषद के प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी, गोपाल मोहन द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख श्रीधर शुक्ला आदि मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री का जगह-जगह स्वागत
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद शाम पांच बजे अपने आवास से निकले। रास्ते में अजीजगंज में दुर्गा इंडस्ट्रीज परिवार के लोगों, राजकीय मेडिकल काॅलेज के पास दिनेश दीक्षित के नेतृत्व में, अकर्रा रसूलपुर, कांट में शीतला देवी मंदिर मोड़, थाने के पास, बस अड्डा के समीप, कांट विकास खंड के बाहर, बरेंडा मोड़, पुरैना मोड़, जलालाबाद बारह पत्थर पर सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया। बारह पत्थर चौराहे से परशुराम मंदिर तक करीब एक किमी के फासले के बीच राज्यमंत्री की अगवानी से काफिला एक घंटे बाद मंदिर पहुंच सका। संवाद
केंद्रीय राज्यमंत्री के काफिले की कारें टकराईं
कुर्रियाकलां। जलालाबाद जा रहे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के काफिले में शामिल दो कारें शनिवार शाम टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हालांकि, राज्यमंत्री समेत काफिले में शामिल उनके सभी समर्थक सुरक्षित रहे। पुरैना मोड़ के पास आगे चल रही स्कॉर्पियो में अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही कार उससे टकरा गई। इससे पीछे चल रही कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चला रहे संजीव गुप्ता और इरफान खान एयर बैग खुलने से बाल-बाल बच गए। संवाद
जलालाबाद में परशुराम मंदिर में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का स्वागत करते लोग। संवाद