जून में भी चोरी हुईं थी दो बाइकें, एक हुई थी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। यहां बाइक चोर गिराेह सक्रिय है। जून में दो बाइकें चोरी होने के बाद आठ से 15 जुलाई के बीच दो बाइकें और चोरी हो गईं। बावजूद इसके किसी मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
जून में नामजद रिपोर्ट दर्ज होने पर बाइक बरामद कर चोर को पकड़ा गया था, लेकिन दूसरी बरामद नहीं हो सकी थी। इधर आठ जुलाई को नगर के मोहल्ला तिराहा बाजार निवासी उदित ओमर की शाहजहांपुर मार्ग स्थित किराने की दुकान से शाम को बाइक चोरी हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इसी प्रकार नगर के मोहल्ला कांशीराम नगर निवासी आकाश कुमार 15 जुलाई की रात नौ बजे नगर में ही एक मैरिज लॉन में शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लॉन के गेट पर बाइक खड़ी करके अंदर गए और दस बजे वापस आने पर बाइक नदारद मिली। तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मामले की जांच कराई जाएगी। तहरीर दी गई है तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और बाइकें बरामद कराई जाएंगी। चोर भी पकड़कर जेल भेजे जाएंगे।- पंकज पंत, सीओ पुवायां