खुटार की नवदिया नवाजपुर पीएचसी पर पड़ा ताला। संवाद
चांदपुर। नवदिया नवाजपुर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर की तैनाती नहीं है। इस बीच फार्मासिस्ट के अवकाश पर चले जाने से वहां कई दिन से ताला लटक रहा है। ग्रामीण इलाज के लिए भटक रहे हैं।
बुधवार को पीएचसी पर पहुंचे राहत ने बताया कि उनके बेटे को बुखार था। इसलिए घर से सुबह जल्दी निकल आए, लेकिन अस्पताल बंद मिला। मेरी एक दिन की दिहाड़ी चली गई और इलाज भी नहीं मिला। रामनिवास ने बताया कि सुबह से पेट में तेज दर्द होने पर दवा लेने अस्पताल आए तो बंद मिला। मजबूरी में दस किमी दूर दूसरे अस्पताल जाकर दवा ली।
पीएचसी में नियुक्त डॉक्टर पर कई अस्पतालों का प्रभार होने से वह कभी-कभार आते थे, लेकिन वह भी लंबे अवकाश पर चले गए हैं। अब मरीजों की देखरेख और दवाओं का वितरण केवल फार्मासिस्ट के सहारे हो रहा है। इस पीएचसी में करीब 15 गांव की 20 हजार से ज्यादा की आबादी इलाज के लिए आश्रित है।
==
नवदिया नवाजपुर पीएचसी पर तैनात डॉक्टर पीजी की पढ़ाई के लिए अध्ययन अवकाश पर चले गए हैं। अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट घरेलू कार्य में व्यस्तता के कारण अवकाश पर गए थे। दो दिन के अंदर पीएचसी पर किसी अन्य डॉक्टर की तैनाती करा दी जाएगी।
-डॉ. संजीव कुमार, पीएचसी के नोडल अधिकारी एवं चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी खुटार