शाहजहांपुर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जिले में तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से आवेदन मांगे हैं। अब तक चार विधानसभा क्षेत्रों से नौ आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें सबसे अधिक पांच आवेदन पुवायां सुरक्षित सीट से आए हैं। शेष आवेदन के बाद सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।
विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलाें ने तैयारियों को धार देना शुरू कर दी है। जमीनी स्तर से लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर ज्यादा जोर है। जिले में विधानसभा चुनाव में खाता खोलने को बेकरार कांग्रेस ने उम्मीदवारों से आवेदन लिए हैं। संगठन के प्रभारी फुरकान अहमद कुरैशी ने बताया कि पुवायां विधानसभा की सुरक्षित सीट से महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अर्चना कटारिया, दिनेश कुमार, संजीव पासी, प्रेम प्रकाश वाल्मीकि, विंदेश्वरी राज ने आवेदन किया है।
सदर सीट से फरीद अली खां और पूनम पांडेय ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए आवेदन किया है। ददरौल से संत कुमार सिंह आगे आए हैं। तिलहर विधानसभा से जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता सिंह दावेदार हैं। जबकि कटरा और जलालाबाद के उम्मीदवारों के आवेदन आना शेष है। बताया कि सभी विधानसभाओं के आवेदन आने पर दो दिन बाद सूची बनाकर लखनऊ भेज दी जाएगी। वहां से 15 दिन के बाद सूची दिल्ली भेजी जाएगी।
स्थानीय स्तर पर आंतरिक सर्वे कराया
प्रत्येक विधानसभा में आंतरिक सर्वे के लिए टीम बनी है, जो आवेदन करने वाले के वोट बैंक, क्षेत्र में पकड़, बूथवार स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट देगी। लखनऊ व दिल्ली स्तर से भी गोपनीय सर्वे कराया जा रहा है।
हर विधानसभा क्षेत्र में होगा संविधान बचाओ कार्यक्रम
कांग्रेस ने संविधान बचाओ संवाद कार्यक्रम तिलहर विधानसभा क्षेत्र के कोरोकुइयां गांव में कराया। बारिश के दौरान लोगों के रुकने से पार्टी के नेता काफी गदगद हैं। ऐसा ही आयोजन पूरे जिले की विधानसभा क्षेत्रों में कराने की तैयारी है।
चुनाव को पार्टी पूरी मजबूती से लड़ेगी। जनता का रुख भी कांग्रेस की ओर है। चुनाव में प्रथम वरीयता पुराने कार्यकर्ता को दी जाएगी। विधानसभा के हर बूथ पर प्रत्याशी का जनाधार, जातिगत आंकड़े आदि बिंदुओं को भी देखा जाएगा।
-रजनीश गुप्ता, जिलाध्यक्ष कांग्रेस