मीरानपुर कटरा। एनएचएआई की टीम ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्थायी अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमणकारियों ने टीम पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित सीमेंट फैक्टरी से लेकर गांव खिरिया सकटु तक नेशलन हाईवे किनारे लोगों ने खोखे रखकर अतिक्रमण कर लिया है। एनएचएआई फोरलेन परियोजना के प्रबंधक अंजनी कुमार के निर्देशन में दुकानों के सामने डाले गए तिरपाल, टिनशेड, खोखों आदि को हटाया गया। नगर पंचायत सदस्य सर्वेद अंसारी ने कहा कि एनएचएआई की टीम ने गरीबों को हटाया है। बड़े लोगों के अतिक्रमण को नहीं हटवाया गया। एनएचएआई प्रबंधक अंजनी कुमार ने बताया कि हाईवे पर सुरक्षित सफर करने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा।