थाना सदर बाजार पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रोहित। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस टीम ने बुधवार की रात सुभाषनगर तिराहा से जानलेवा हमला करने के आरोपी मोहल्ला बहादुरपुर निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि 30 जून को मोहल्ला चमकनी निवासी संकल्प मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले के रोहित, विपिन और उसके पिता गली खोद रहे थे। विरोध करने पर तीनों ने गालियां देते हुए पिता के सिर पर जान से मारने की नीयत से हथौड़ा मार दिया। पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोहल्ले वालों ने घर जाकर सारी बात बताई तो भाई गौरव मिश्रा वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। भाई गौरव मिश्रा के सिर पर भी हथौड़ा मार दिया। रोहित के पिता ने चाकू से वार किया। पकड़े गए आरोपी रोहित ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी संकल्प मिश्रा और उसके पिता विवेकानंद मिश्रा से सड़क खोदने को लेकर झगड़ा हो गया था। गुस्से में आकर ऐसा किया। हथौड़ा गर्रा नदी में फेंकने जाने के दौरान पकड़ लिया गया।