तिलहर। आर्य समाज मंदिर के समीप लगे ट्रांसफार्मर में सोमवार की देर रात आग लग गई। इससे लगभग 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी में लगभग चार हजार लोग परेशान हो गए। सोमवार को नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद शाम को बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी।
रविवार रात लगभग 10:15 बजे आर्य समाज मंदिर के समीप ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। इस ट्रांसफार्मर के पास रखे दो अन्य ट्रांसफार्मरों की लाइनें भी जल गईं। इससे मोहल्ला घेरचौवा, आंशिक कच्चा कटरा और पक्का कटरा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद होने से लगभग चार हजार लोग गर्मी में रातभर बेचैन रहे। सोमवार सुबह अवर अभियंता राजकुमार सैनी ने विद्युतकर्मियों के साथ ट्रांसफार्मर के समीप लगी लाइनों को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।
दोपहर लगभग 1:30 बजे दो अन्य ट्रांसफार्मर की लाइनों को ठीक करके कुछ क्षेत्र में आपूर्ति शुरू की गई। बाद में नया ट्रांसफार्मर रखने के बाद शाम लगभग 6:30 बजे रात से ठप बिजली आपूर्ति चालू की गई।
अवर अभियंता राजकुमार सैनी ने बताया कि भीषण गर्मी से अधिक लोड पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर गर्म हो रहे हैं। यहां नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था। आर्य समाज मंदिर के समीप दुकानदारों और महर्षि दयानंद स्कूल के प्रबंधक ने ट्रांसफार्मरों को हटाकर अन्यत्र किसी सुरक्षित स्थान पर लगाए जाने की मांग की है।