शाहजहांपुर। कोरोना से मंगलवार को दो और की जान चली गई। जबकि 88 पॉजिटिव मिले। नए केस मिलने से संक्रमितों का आंकड़ा 4684 तक तो पहुंच गया है। इसमें से 1869 लोगों को डिस्चार्ज भी किए जा चुके हैं। इसके अलावा कोरोना से अब तक 71 की मौत हो चुकी है।
मंगलवार को शाम करीब साढ़े चार बजे बंडा क्षेत्र के गांव आला बुजुर्ग निवासी 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। जांच में पॉजिटिव मिलने के बाद उसे 12 सितंबर को मेडिकल कॉलेज के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी मंगलवार को मौत हो गई। इसी तरह तिलहर क्षेत्र के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की भी शाम छह बजे के बाद मौत हो गई। जांच में पॉजिटिव मिलने के बाद बुजुर्ग को 11 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिले भर में कराई गई कोविड-19 जांच में 88 लोग पॉजिटिव पाए गए। नए संक्रमितों को मिलाकर जिले में पॉजिटिव लोगों की संख्या 4684 हो गई है। इसमें 1869 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1790 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। जबकि 956 लोगों का इलाज कोविड अस्पतालों में चल रहा है। जैतीपुर में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है।