तिलहर (शाहजहांपुर)। खतरनाक हुए हाईवे के गड्ढों ने बरेली के एक युवक की जान ले ली। युवक शाहजहांपुर में अपनी बहन के पास से बाइक पर घर बरेली लौट रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे पर तिलहर इलाके में पहिया गड्ढे में चले जाने से बाइक रोड पर गिर गई। तभी उधर से गुजर ट्रक ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
हादसा बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे हुआ था। बरेली के प्रेमनगर निवासी अभिनव सक्सेना (28) शाहजहांपुर में रहने वाली अपनी बहन के यहां से बाइक पर बरेली अपने घर जा रहा था। नेशनल हाईवे पर तिलहर थाना क्षेत्र में सरयू पुलिया के समीप रोड में गड्ढे हैं। वहां पहुंचने पर अभिनव की बाइक का अगला पहिया गड्ढे में चला गया। इससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इस पर अभिनव सड़क पर जा गिरा। तभी पीछे से आया ट्रक उसे कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर तिलहर कोतवाली के एसएसआई विनोद कुमार मौर्य मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने युवक की जेब में मिले मोबाइल से परिजन को सूचना दी। पुलिस ने सब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अभिनव के पिता और माता की मौत हो चुकी है। उसकी तीन बहने हैं। वह अपने घर का इकलौता बेटा था। अभिनव क्या करता था इसकी जानकारी नहीं सकी।