शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना क्षेत्र के मघटोरा गांव निवासी 30 वर्षीय सुखदेव की मौत के मामले में उसकी मां किशोरी ने मदनापुर थाने में चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुक्रवार दोपहर सुखदेव का शव मदनापुर क्षेत्र के मझोला गांव स्थित खेत में पड़ा मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार सुखदेव की गला दबाने से मौत हुई थी।
जलालाबाद के मगटोरा गांव निवासी सुखदेव की की मां किशोरी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी गांव के भोपाल व पोपी से पुरानी मुकदमेबाजी को लेकर रंजिश चल रही है। रंजिश के कारण बेटा सुखदेव हरियाणा में रहता था। वहीं नौकरी करता था। आरोप है कि 10 सितंबर को साजिश कर बेटे को वापस बुला लिया गया।
शुक्रवार सुबह बेटे सुखदेव को फोन कर मझोला गांव के ओमकार के खेत पर बुलाया गया। आरोप है कि वहां पर भोपाल उर्फ रमनपाल, पोपी उर्फ अमरपाल, झब्बू व भुदिया गांव के टिंकू ने बेटे के साथ मारपीट की। इसके बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि सुखदेव की मां किशोरी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रहीं हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।