शाहजहांपुर में अतिक्रमण के विरोध में नगर निगम में प्रदर्शन करते उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। व्यापारी शहर में नालियों के ऊपर से अतिक्रमण हटवाने में मनमानी का आरोप लगाकर विरोध कर रहे थे। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन देकर व्यापारियों ने कहा कि पक्का निर्माण हटाने से पहले पूर्व में लाल निशान लगाकर सूचना दी जाती है।
ऐसा नहीं किया जा रहा। दुकानों व घरों के आगे फोल्डिंग के चबूतरे, लोहे, सीमेंट के फ्रेमों को भी उखाड़ दिया गया। बुधवार को बाजार बंद के कारण कोई दुकानदार नहीं था। बंद दुकानों के आगे चार फुट से पांच फुट चौड़ा नाला है। इसको खुलवाकर छोड़ दिया गया। लाल इमली से तारीन टिकली तक दुकानों के आगे बुलडोजर चलाया गया। इससे व्यापारियों में रोष है। मांग की गई कि नियमानुसार ही अतिक्रमण हटवाया जाए।
पार्किंग के लिए दिया सुझाव
व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था को सुचारु करने के लिए सुझाव भी दिए। कहा गया कि बहादुरगंज की पार्किंग व्यवस्था रिक्शा स्टैंड व रेलवे मैदान में की जाए। मंडी में रिक्शा स्टैंड पर पार्किंग व्यवस्था हो। गुदड़ी बाजार की पार्किंग व्यवस्था गांधी पार्क में की जाए। चौक की पार्किंग व्यवस्था जामा मस्जिद के पास, मिशन रोड की छायाकुआं के डलावघर के पास होनी चाहिए। डलावघर को अन्यत्र स्थापित किया जाए। सदर बाजार की पार्किंग रोटी गोदाम स्कूल के पास की जाए। व्यापारी पंकज टंडन, अखिल मिश्रा, ऐतेशाम, रितेश सेठी, सुरेंद्र सिंह सेठ, अमित शर्मा, आदि शामिल रहे।