शाहजहांपुर। जिला समाज कल्याण विभाग में वृद्धावस्था पेंशन घोटाले का दंश अब तक बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। घोटाले की जांच पूरी होने के बाद भी 18 हजार बुजुर्गों के खातों में अभी तक पेंशन नहीं आ रही है। वे पेंशन की तलाश में कार्यालय से लेकर बैंकों के चक्कर लगा रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
मार्च 2023 में जिला समाज कल्याण विभाग में पेंशन घोटाला हुआ था। इसमें तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की मिलीभगत से 2390 लोगों की पेंशन दूसरे खातों में भेज दी गई थी। राजेश कुमार समेत नौ लोगों के खिलाफ थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वर्तमान में जिले में एक लाख 23 हजार 793 पेंशनधारक हैं। इसमें से 95 हजार पेंशन धारकों के खातों में मार्च माह की पेंशन आई थी। जून माह में पेंशन की किस्त आनी थी, लेकिन अभी तक उनके खातों में पेंशन नहीं आई है। पेंशन नहीं आने से बुजुर्ग समाज कल्याण कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग में 18 हजार 535 पेंशन धारक ऐसे हैं, जिनकी कई महीनों से लेकर कई सालों से पेंशन खाते में नहीं आई है। विभाग के लोगों का दावा है कि इनमें काफी लोग इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन विभाग के पास इसका डाटा नहीं है। वहीं, कई ऐसे बुजुर्ग हैं जो दूर-दूर के गांवों से आकर विभाग के चक्कर लगाते हैं।
विभाग के अधिकारी सही जानकारी नहीं देते हैं। कहीं बैंक खाते में कमी बता देते हैं तो कभी कुछ और खामी बता देते हैं। बुजुर्ग पेंशन के लिए परेशान हो चुके, लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। विभाग के कर्मचारी बुजुर्गों को अधिकारियों तक पहुंचने नहीं देते हैं।
-
डीबीटी और केवाईसी नहीं होने की कही जाती है बात
बुजुर्ग समाज कल्याण विभाग आते हैं तो संबंधित कर्मचारी केवाईसी या डीबीटी नहीं होने की बात करते हैं। बुजुर्ग को संबंधित बैंक में भेजा जाता है। वहां भी लाइन में लगने के बाद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। पेंशन धारक बुजुर्ग गांव से लेकर कार्यालय और बैंकों के चक्कर लगाते रहते हैं।
-
बुजुर्गों से बातचीत
दो साल से अधिक समय हो गया है। पेंशन नहीं आई है। पेंशन से कुछ गुजारा चल जाता था। अब लोगों से उधार लेकर समाज कल्याण विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। समाधान नहीं हो पा रहा है।
- रनवीर सिंह, हथेल दिबियापुर, मदनापुर
तीन साल से पेंशन नहीं आई है। बताया गया कि बैंक से डीबीटी करा लो। इसके बाद भी अभी तक पेंशन नहीं आई है। कार्यालय के चक्कर लगाकर परेशान हो गए हैं।
सुरेश, चकममरेज, ददरौल
दो साल से अधिक समय हो गया है। पेंशन खाते में नहीं आई है। चार बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, एक बार आने-जाने में 200 किराया खर्च हो जाता है। इसके बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
महेंद्र, मरेना, जैतीपुर
-
दो साल से अधिक समय हो गया है। खाते में पेंशन नहीं आई है। विभाग के लोग सही जानकारी नहीं देते हैं। इसकी वजह से आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ रहा है।
- विनोद कुमार, हरदोई बाईपास
-
पुराने मामलों का सत्यापन किया जा रहा है। कुछ नए आवेदन भी आए हैं। कुछ मृतक भी शामिल है। उनका सत्यापन ब्लॉक स्तर पर किया जा रहा है। पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है। जो पेंशन नहीं आ रही है, उसके विषय में निदेशालय से संपर्क किया जा रहा है।
- राजेश कुमार शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी
रनवीर सिंह, हथेल दिवियापुर, मदनापुर।
रनवीर सिंह, हथेल दिवियापुर, मदनापुर।
रनवीर सिंह, हथेल दिवियापुर, मदनापुर।
रनवीर सिंह, हथेल दिवियापुर, मदनापुर।