जलालाबाद (शाहजहांपुर)। प्रदेश सरकार ने विधायक हरिप्रकाश वर्मा के प्रस्ताव पर बदायूं जिले की सीमा पर प्राचीन शिव मंदिर के लिए विख्यात पटना देवकली गांव से लेकर फर्रुखाबाद जिले की सीमा पर स्थित कांकरकठा गांव तक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण कार्य को स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही थरिया-परौर मार्ग को चौड़ा करने की मंजूरी भी दी गई है। दोनों कामों के लिए सरकार ने 240 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है।
शासन ने राजमार्गों के चौड़े तथा सुदृढीकरण योजना के तहत मुादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे के जनपद की सीमा में आने वाले 37.67 किमी हिस्से को चौड़ा करके डबल लेन बनाने के लिए 200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसी तरह स्टेट हाईवे से जुड़े थरिया गांव से परौर तक 14 किमी लंबे मार्ग पर हाल के वर्षों में हुई यातायात में वृद्धि को देखते इस मार्ग को चौड़ा किया जाना है।
इस कार्य के लिए शासन ने 40 करोड़ रुपये का बजट अलग से स्वीकृत किया गया है। शासन से इस आशय का पत्र लोनिवि के प्रमुख अभियंता को जारी कर दिया गया है।
माना जा रहा है कि इन दोनों मार्गों के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों का सफर आसान होने के साथ सड़क हादसों पर भी अंकुश लग सकेगा। यह दोनों कार्य पूरे हो जाने पर जनता को आवागमन की सहूलियत मिलने के साथ ही क्षेत्र में बहुमुखी विकास को भी तेज गति मिल सकेगी।
विधायक ने प्रस्तावों को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनका प्रयास है कि जनता का पैसा क्षेत्र के विकास में लगे। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वह विकास के ऐसे प्रस्ताव भविष्य में भी सरकार को देते रहेंगे।