शाहजहांपुर। विधान परिषद के पीलीभीत-शाहजहांपुर स्थानीय प्राधिकारी निवार्चन क्षेत्र के चुनाव के लिए शनिवार को होने वाले मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जिले में जो पोलिंग बूथ बनाए गए, वहां मतदान कराने के लिए बृहस्पतिवार को निर्वाचन कार्यालय में मतपेटिकाओं को व्यवस्थित करके उनके कोड नंबर डाले गए। पोलिंग पार्टियों को शुक्रवार सुबह नौ बजे कलक्ट्रेट के निर्वाचन कार्यालय से बूथों पर रवाना किया जाएगा।
एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी श्याम बहादुर सिंह समेत निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारियों ने मतदान की तैयारियों का जायजा लिया। मतदान के लिए दोनों जनपदों में 27 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 18 बूथ जनपद में और नौ बूथ पीलीभीत जिले में होंगे। जनपद में यह बूथ जिला पंचायत, मिश्रीपुर, ददरौल, कांट, मदनापुर, तिलहर, खुदागंज, मीरानपुर कटरा, जैतीपुर, निगोही, पुवायां, सिंधौली, खुटार, बंडा, जलालाबाद, अल्हागंज, मिर्जापुर और कलान में बनाए हैं। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी शामिल किए हैं। जिले के बूथों के लिए कुल 23 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इनमें पांच पोलिंग पार्टियां रिजर्व श्रेणी मेें ड्यूटी करेंगी। उन्हें विशेष स्थिति में किसी भी बूथ पर रवाना किया जा सकता है।
इन बूथों पर मतदान कराने को पोलिंग पार्टियों के सभी 92 कर्मचारियों को गत 28 मार्च को मतदान का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बृहस्पतिवार को सुबह से निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी लंबे समय से खुले में रखी होने के कारण जंक लग चुकीं मतपेटिकाओं को साफ करने में जुटे रहे। पोलिंग पार्टियों के कोड क्रमांक के अनुसार यह मतपेटिकाएं संबंधित कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
शनिवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक सभी बूथों पर मतदान कराया जाएगा। इसके लिए प्रस्तावित बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पोलिंग पार्टियों के सदस्यों को बूथों पर जाने के लिए सुबह नौ बजे कलक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय बुलाया है। निर्वाचन कर्मचारियों को मतदान के बाद सभी मतपेटिकाएं सील करके उस पर प्रत्याशियों के मतदान अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर कराने के निर्देश गए हैं। -रामसेवक द्विवेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन