मीरानपुर कटरा में पीड़ित परिवार से मिलते विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह। संवाद
मीरानपुर कटरा। मोहल्ला बंगशान की रामनगर कॉलोनी निवासी जलालुद्दीन अंसारी के आठ वर्षीय बेटे असद की करंट लगने से मौत पर विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने परिजनों के घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे रामनगर कॉलोनी में सीमेंटेड बिजली के खंभे से निकले तार की चपेट में आने से असद की मौत हो गई थी। जलालुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने एसडीओ धर्मेंद्र सिंह और जेई संजय कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
मामले में अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने जेई संजय कुमार को निलंबित कर ग्रामीण क्षेत्र के जेई पंकज शर्मा को कार्यभार सौंपा है। प्रकरण की जांच विद्युत सुरक्षा निदेशालय लखनऊ की टीम को सौंपी गई है। विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह प्रिंस, सगीर खां डभौरा, पप्पू हशमतुल्लाह खां, जगवीर सिंह, नगर पंचायत सदस्य सर्वेद अंसारी और वसीम खान ने परिजनों से मिलकर शोक जताया। विधायक ने जलालुद्दीन को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।