परशुरामपुरी में याकूबपुर तिराहे से पहले बरेली हाइवे किनारे खड़े भारी वाहन। संवाद
जलालाबाद। कांवड़ यात्राओं और उनमें शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे और शाहजहांपुर हाईवे पर रूट डायवर्जन शनिवार को दूसरे दिन भी लागू रहा। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर रोके गए भारी व्यवसायिक वाहनों की कोला मोड़ से पहले से याकूबपुर तिराहा तक कतार लग गई।
भारी व्यवसायिक वाहनों को कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर सुबह से जाने से रोक दिया गया। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर भारी वाहनों का संचालन दिन भर रुका रहा। पुलिस की निगाह में जो ट्रक जहां आया, उसे वहीं किनारे रोक दिया गया। शाहजहांपुर हाईवे की एक लेन कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षित रखी गई और दूसरी लेन से रोडवेज बसें और अन्य निजी चार पहिया वाहन निकलते रहे, लेकिन शाहजहांपुर जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों को मीरानपुर कटरा होकर निकाला गया।
शनिवार को बारिश होने के बाद भी कांवड़ यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण रविवार से मंगलवार तक ज्यादा संख्या में कांवड़ियों के आने-जाने की उम्मीद की जा रही है। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। साथ ही कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए कई स्थानों पर पुलिस तैनात की गई है।