शाहजहांपुर में अशफाक नगर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर रविवार रात फायरिंग हुई, जिससे गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। घायल ने तीन युवकों पर आरोप लगाया है।
शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात करीब 12 बजे दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिंग भी हुई। इससे गोली लगने से मोहल्ला हाथीथान निवासी मोहम्मद गाजी खान (25 वर्ष) घायल हो गया। उसके हाथ में गोली लगी है। घटना अशफाक नगर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई है।
विज्ञापन
रात में मोहम्मद गाजी खान रेलवे स्टेशन के पास होटल में खाना खाने गया था। उसने बताया कि तभी शानू अपने दो साथियों के साथ आया और गाली-गलौज करते हुए तमंचा निकालकर तान दिया। गाजी खान के अनुसार, उसने तमंचा छीन लिया। तभी वहां पर खड़े व्यापारी ने मामले को शांत कराकर तमंचा वापस करा दिया। इस बीच आरोपी ने गोली चला दी, जो उसके हाथ में लगी।
आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायर किए गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। गाजी मोहम्मद ने बताया कि पूर्व से चली आ रहे विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। इंस्पेक्टर सदर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।